Apply in IPO Through ASBA
निवेशक अब भुगतान व्यवस्था के रूप में यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) का इस्तेमाल करते हुए आंरभिक सार्वजनिक निर्गमों (आईपीओ) में निवेश कर सकते हैं । यूपीआई एक ऐसा सिस्टम है जिसमें आप एक ही मोबाइल एप्लिकेशन (किसी भी सहभागी बैंक की) के माध्यम से कई बैंक खातों में लेनदेन कर सकते हैं, इसके माध्यम से विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं का प्रयोग किया जा सकता है, एक ही व्यवस्था के जरिये बिना किसी अड़चन के पैसों का अंतरण एवं मर्चेंट भुगतान किए जा सकते हैं ।

यूपीआई के माध्यम से निवेश कैसे करें:
यूपीआई के माध्यम से आईपीओ में निवेश करने की प्रक्रिया में 3 प्रमुख चरण होते हैं, जो इस प्रकार हैं:
क
यूपीआई के माध्यम से बोली लगाना : निवेशकों को अपने आवेदन फॉर्म में बोली संबंधी
ब्यौरों के साथ-साथ यूपीआई आईडी भरनी चाहिए । यह आवेदन मध्यवर्ती
(इंटरमीडियरी) के पास जमा करवाए जा सकते हैं जो स्टॉक एक्सचेंज के बिडिंग
प्लेटफॉर्म पर बोली संबंधी ब्यौरों के साथ-साथ यूपीआई आईडी अपलोड करेगा ।
स्टॉक एक्सचेंज निर्गमकर्ता कंपनी (इश्युअर कंपनी) द्वारा नियुक्त किए गए एस्क्रो /
प्रायोजक बैंक के साथ बोली संबंधी ब्यौरे और निवेशक की यूपीआई आईडी
इलेक्ट्रॉनिक रूप में साझा करेगा ।
ख
निधियों को निरुद्ध करना (ब्लॉकिंग ऑफ फंड्स) : एस्क्रो / प्रायोजक बैंक निवेशक से
यह निवेदन करेगा कि वह आवेदन की रकम के बराबर की रकम को निरुद्ध करने के
लिए और बाद में आबंटन की दशा में रकम को निकालने (डेबिट करने) के लिए उसे
प्राधिकृत करे । निवेशक द्वारा रकम निरुद्ध किए जाने के निवेदन की पुष्टि किए
जाने पर, निवेशक के खाते में वह रकम निरुद्ध (ब्लॉक) कर दी जाएगी और उसकी
सूचना निवेशक को दे दी जाएगी ।
ग
आबंटन प्रक्रिया के बाद शेयरों के लिए भुगतान : शेयर आबंटित हो जाने के बाद, निवेशकों के खाते
से रकम निकालने (डेबिट करने) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और अतिरिक्त रकम निरुद्ध नहीं
रह जाएगी । यह प्रक्रिया निधियों को निरुद्ध करते समय निवेशक द्वारा यूपीआई पिन का प्रयोग करके
दी गई पुष्टि के आधार पर की जाएगी ।
आईपीओ में निवेश करने के लिए यूपीआई का इस्तेमाल करते समय ध्यान देने योग्य बातें
- अपनी यूपीआई आईडी ऐसे बैंक के साथ बनाएँ, जिसका नाम सेबी के वेबसाइट पर उपलब्ध 'स्व-प्रमाणित सिंडिकेट बैंकों की सूची' में दिया गया हो, जो निर्गमकर्ता (इश्युअर) के बैंक के रूप में कार्य करने के पात्र हैं ।
- केवल उन्हीं मोबाइल एप्लिकेशन और यूपीआई हैंडल का इस्तेमाल करें, जो सेबी के वेबसाइट पर उपलब्ध 'सार्वजनिक निर्गमों में यूपीआई के इस्तेमाल के लिए मोबाइल एप्लिकेशन की सूची' में दिए गए हैं ।
- अपने आवेदन फॉर्मों में भुगतान व्यवस्था के रूप में यूपीआई का उल्लेख करते हुए उन्हें सिंडिकेट सदस्य, या रजिस्ट्रीकृत स्टॉक दलाल, या रजिस्ट्रार और अंतरण अभिकर्ता या निक्षेपागार सहभागी के पास ही प्रस्तुत करें ।
- यूपीआई के जरिये आईपीओ में आवेदन करने की सीमा रु.5 लाख प्रति लेनदेन है और केवल छोटे व्यक्तिगत निवेशक ही इसका इस्तेमाल कर सकते हैं ।
- यदि निवेशक किसी और की यूपीआई आईडी या किसी और के बैंक खाते का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें शेयर आबंटित नहीं किए जाएँगे ।